अपराध

प्रधानमंत्री पिता के विरुद्ध की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में चंबा में भाजपा ने की एफआईआर दर्ज करने की मांग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
प्रधानमंत्री पिता के विरुद्ध की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में चंबा में भाजपा ने की एफआईआर दर्ज करने की मांग

अक्तूबर 26, चंबा (हिमाचल प्रदेश): कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता के विरुद्ध की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में आज भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह के नेतृत्व में चम्बा सदर थाना में एक शिकायत पत्र देकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के पूज्य स्वर्गीय पिताजी के विरुद्ध अमर्यादित और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है।

उन्होंने कहा कि उक्त बयान न केवल प्रधानमंत्री जी के पूज्य पिताजी का अपमान है, बल्कि हमारी भावनाओं को भी ठेस पहुँचाता है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री जी के परिवार के विरुद्ध इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणियाँ की जाती रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में आज चम्बा सदर थाना में जाकर थाना प्रभारी को एक पत्र सौंप कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई है।

वहीं इस मामले पर भाजपा नेता एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जसबीर नागपाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा उनके अहंकार और राजनीतिक मंशा को उजागर करती है। लगातार जनादेश का अपमान, प्रधानमंत्री का अपमान और देश की राजनीतिक मर्यादाओं का अपमान कांग्रेस करती आई है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को सलाह दी है कि सार्वजनिक मंच से मर्यादित भाषा का प्रयोग करें और इस मामले में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रधानमंत्री जी से माफी मांगें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।