प्रयागराज जंक्शन पर यात्री का बैग 30 मिनट में बरामद:जीआरपी ने 21 हजार रुपये नकद और सामान सुरक्षित लौटाया
प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने एक यात्री का गायब हुआ बैग महज 30 मिनट में बरामद कर लिया। इस बैग में 21 हजार रुपये नकद, कपड़े, चार्जर और अन्य सामान मौजूद था। जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से यात्री को उसका सामान सुरक्षित वापस मिल गया, जिसकी स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी सराहना की।
पुलिस के अनुसार, सोमवार 24 अगस्त को रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में चोरी, छिनैती की घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान चित्रकूट निवासी सौरभ कुमार केसरवानी ने जीआरपी थाने में सूचना दी कि प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 7/8 पर खड़ी बुंदेलखंड एक्सप्रेस के जनरल कोच से उनका नीले रंग का बैग गायब हो गया है।
सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल पुलिस टीम को बैग की तलाश में लगाया। निरीक्षक सोनू कुमार, रात्रि ड्यूटी अधिकारी और क्यूआरटी टीम को अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग और घेराबंदी के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया समेत आसपास के स्थानों पर सघन चेकिंग शुरू की। लगातार की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को प्लेटफॉर्म नंबर छह पर एक लावारिस हालत में बैग मिला।
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी और चेकिंग देखकर बैग लेकर जाने वाला संदिग्ध व्यक्ति उसे छोड़कर मौके से भाग गया था। इसके बाद पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर यात्री से उसकी पहचान और सामान की तस्दीक कराई। तस्दीक के बाद बैग यात्री सौरभ कुमार केसरवानी को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
बैग में 21 हजार रुपये नकद, कपड़े, चार्जर और अन्य सामान मौजूद था। अपना सामान वापस मिलने पर यात्री ने जीआरपी प्रयागराज की टीम का आभार व्यक्त किया। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और चोरी-छिनैती की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
📡 स्रोत: NewsData.io