पुल की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, नदी में खड़े होकर किया विरोध प्रदर्शन, जान जोखिम मे डालकर नदी पार करने को मजबूर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
खरगोन /झिरनिया तहसील के ग्राम बोंदरानिया से नरवट मार्ग पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने वेदा नदी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर पुल नहीं होने के कारण उन्हें जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है।
बारिश के मौसम में नदी में बाढ़ आने के बाद करीब चार महीने तक इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहता है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ता है। प्रसव के समय महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।बताया जा रहा है कि इस मार्ग से बोंदरानिया,नदीपार, नरवट, दामखेड़ा, बयड़ीपुरा, कालियागढ़, ढसलगांव सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण आवागमन करते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि डेरिय से नरवट मार्ग पर वेदा नदी में जल्द पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।