पुरानी रंजिश और जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत; 8 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल (देहात), 29 अगस्त 2026। गुनगा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और जमीन से जुड़े विवाद के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गुनगा पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को करोंदिया के जंगल से पकड़ा गया। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त को संजीवनी अस्पताल से गुनगा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंजीलाल यादव (45), निवासी आदमपुर छावनी पठार, के साथ कुछ लोगों ने डंडे से मारपीट की है।
गंभीर हालत में परिजन उन्हें पीपुल्स अस्पताल, भोपाल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुनगा उप निरीक्षक रिंकू जाटव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय की गई।
मृतक के 19 वर्षीय पुत्र ऋषि यादव की शिकायत पर गुनगा थाने में अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण विवेचना में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर 29 अगस्त को ग्राम करोंदिया के जंगल में घेराबंदी की और मामले में संलिप्त बताए गए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पप्पू उर्फ अनिल, नितिन उर्फ नित्तू, राहुल सिलावट, सोनू सिलावट, राज बंशकार, अनिकेत मेहर और अयान खान शामिल हैं। इनके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक और आरोपियों के परिवारों के बीच करीब 24 वर्ष पुरानी रंजिश की जानकारी मिली है।
पुलिस के मुताबिक यह पुराना विवाद एक महिला को साथ ले जाने की बात से जुड़ा बताया जा रहा है। इसके अलावा मृतक की पत्नी द्वारा उसके पूर्व पति की मृत्यु के बाद उसकी जमीन में हिस्सा प्राप्त करने को लेकर न्यायालय में प्रकरण चलने की बात भी सामने आई है।
पुलिस प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को घटना से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक वारदात में डंडे और चाकू के इस्तेमाल की बात सामने आई है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री की जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोपाल देहात पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर के मार्गदर्शन और एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक रामबाबू चौधरी, उप निरीक्षक रिंकू जाटव, उप निरीक्षक रामसिंह मीना सहित थाना बैरसिया, थाना गुनगा और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। पुरानी रंजिश, जमीन विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।