राजनीति

पूर्व राज्यपाल कैलाशपति मिश्र के नाम पर बक्सर में बनेगा आधुनिक पुस्तकालय

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पूर्व राज्यपाल कैलाशपति मिश्र के नाम पर बक्सर में बनेगा आधुनिक पुस्तकालय

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर शिक्षा विभाग ने इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्व. कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर की गई इस पहल को उनके प्रति श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है।

03 नवंबर , पटना (पटना, बिहार) : बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व राज्यपाल स्व. कैलाशपति मिश्र की स्मृति में बक्सर में आधुनिक पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर शिक्षा विभाग ने इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्व. कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर की गई इस पहल को उनके प्रति श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है।

इस संबंध में शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने बक्सर के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पुस्तकालय निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने और जल्द प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। प्रस्तावित पुस्तकालय को भौतिक और डिजिटल, दोनों स्वरूपों में विकसित किया जाएगा। यहां स्व. कैलाशपति मिश्र के जीवन, विचारों और योगदान से जुड़ी सामग्री के साथ-साथ अन्य महापुरुषों की जीवनियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा उनके काव्य संग्रह को भी पुस्तकालय में शामिल किया जाएगा।

शिक्षा विभाग की ओर से भेजे गए पत्र में बक्सर के सिविल लाइंस स्थित एसपी विद्या मंदिर विद्यालय परिसर में उपलब्ध खाली जमीन का स्थल निरीक्षण कराने को कहा गया है। जिलाधिकारी को चिह्नित भूमि का रकबा, खाता, खेसरा, चौहद्दी और वर्तमान स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, भूमि से संबंधित अनापत्ति प्रमाणपत्र और आवश्यक प्रतिवेदन भी भेजने को कहा गया है, ताकि निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

इस पहल को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि स्व. कैलाशपति मिश्र का जीवन, उनके विचार और समाज एवं संगठन के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके नाम पर पुस्तकालय का निर्माण नई पीढ़ी को उनके विचारों, आदर्शों और व्यक्तित्व से परिचित कराने का माध्यम बनेगा। उनकी पुण्यतिथि पर यह पहल उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित पुस्तकालय विद्यार्थियों, युवाओं और शोधार्थियों के लिए ज्ञान एवं अध्ययन का आधुनिक केंद्र बनेगा। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, डिजिटल शिक्षा, शोध और स्वाध्याय के लिए आवश्यक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस पुस्तकालय से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। साथ ही, बक्सर की ऐतिहासिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ जिले की शैक्षणिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

इस पुस्तकालय के निर्माण से बक्सर में विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए एक आधुनिक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।