राज्य

पूर्व सरपंच (सड) गुल्ली पंडित ने धूमधाम से मनाया जन्मदिन, क्षेत्र की बहनों से बंधवाई राखी, दिया सुरक्षा का वचन, देखें वीडियो

लेखक: Ranu Parihar अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पूर्व सरपंच (सड) गुल्ली पंडित ने धूमधाम से मनाया जन्मदिन, क्षेत्र की बहनों से बंधवाई राखी, दिया सुरक्षा का वचन, देखें वीडियो

करैरा / शिवपुरी - करैरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सड में रक्षाबंधन पर्व पर भाई-बहन के अटूट प्रेम का एक भावुक दृश्य देखने को मिला। ग्राम पंचायत सड के पूर्व सरपंच गुल्ली पंडित ने अपना जन्मदिन इस बार अनोखे अंदाज में मनाया।

उन्होंने क्षेत्र की सैकड़ों बहनों के बीच अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाते हुए सभी से राखी बंधवाई और रक्षाबंधन का पर्व बड़े ही आत्मीयता के साथ मनाया।

देखें वीडियो

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम सड में उनके निज निवास पर किया गया था। सुबह से ही निवास को फूल-मालाओं और गुब्बारों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। जैसे ही यह खबर क्षेत्र में फैली कि पूर्व सरपंच अपना जन्मदिन बहनों के साथ मना रहे हैं, तो बड़ी संख्या में करैरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बहनें उनके निवास पर पहुंचने लगीं।

पूर्व सरपंच ने सभी बहनों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। सबसे पहले बहनों ने गुल्ली पंडित को तिलक लगाया, आरती उतारी और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, स्वास्थ्य और राजनीतिक उज्जवल भविष्य की कामना की।

पूर्व सरपंच ने भी बहनों के इस प्यार का सम्मान करते हुए सभी को उपहार भेंट किए, मिठाई खिलाई और पैर छूकर बुजुर्ग बहनों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कई बहनें भावुक भी हो गईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।

गौरतलब है कि गुल्ली पंडित ग्राम पंचायत सड के पूर्व सरपंच रह चुके हैं और अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गांव में कई विकास कार्य कराए हैं। सरपंच पद से हटने के बाद भी वह लगातार जनसेवा में सक्रिय हैं। क्षेत्र में उनकी छवि एक मिलनसार और हर समय मदद के लिए तैयार रहने वाले नेता की है।

यही कारण है कि उनके जन्मदिन पर बिना किसी बुलावे के ही इतनी बड़ी संख्या में लोग और विशेषकर बहनें उनके पास पहुंचीं। कार्यक्रम में मौजूद बहनों ने कहा कि गुल्ली पंडित ने हमेशा एक भाई का फर्ज निभाया है। गांव में किसी भी बहन-बेटी को कोई परेशानी होती है तो वह सबसे पहले मदद के लिए खड़े होते हैं।

रक्षाबंधन के दिन जन्मदिन मनाकर उन्होंने भाई-बहन के रिश्ते को और भी मजबूत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि आज के समय में जब नेता अपने जन्मदिन पर बड़े-बड़े फार्म हाउस और होटलों में पार्टी करते हैं, वहीं गुल्ली पंडित ने अपना जन्मदिन अपनी बहनों के बीच सादगी और आत्मीयता के साथ मनाकर एक नई मिसाल पेश की है।

यह दर्शाता है कि वह जमीन से जुड़े हुए नेता हैं और जनता के बीच रहना पसंद करते हैं। बोले- बहनों की राखी मेरी सबसे बड़ी ताकत : गुल्ली पंडित इस अवसर पर पूर्व सरपंच गुल्ली पंडित ने पत्रकार रानू परिहार से चर्चा करते हुए कहा कि आज का दिन उनके जीवन का सबसे यादगार दिन है।

उन्होंने कहा, "मैं सभी क्षेत्रवासियों और विशेषकर अपनी बहनों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मेरे जन्मदिन को इतना खास बना दिया। आज मेरी कलाई पर बंधी यह सैकड़ों राखियां सिर्फ धागा नहीं है, यह मेरे लिए मेरी बहनों का आशीर्वाद, विश्वास और प्यार है। यही मेरी असली ताकत है।"

गुल्ली पंडित ने आगे कहा, "मैंने जब सड पंचायत के सरपंच के रूप में काम किया था, तब भी मेरी कोशिश रही कि मेरी पंचायत की हर बहन-बेटी खुद को सुरक्षित महसूस करे। आज मैं पद पर नहीं हूं, लेकिन मेरा वचन है कि करैरा विधानसभा की किसी भी बहन पर कोई भी संकट आएगा, तो उनका यह भाई गुल्ली पंडित सबसे आगे खड़ा मिलेगा।

बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए मैं हमेशा संघर्ष करता रहूंगा।" उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का यह पर्व हमें सिखाता है कि हमें जात-पात, ऊंच-नीच से ऊपर उठकर एक-दूसरे की रक्षा करनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए भंडारे और सहभोज का आयोजन किया गया।

इस मौके पर करैरा विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों युवा, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। सभी ने पूर्व सरपंच को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

R
Ranu Parihar

रानू परिहार शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।