राजनीति

पूर्व सीआरपीएफ जवानों ने विधायक के सामने रखी बड़ी मांग

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पूर्व सीआरपीएफ जवानों ने विधायक के सामने रखी बड़ी मांग

भास्कर न्यूज | बक्सर जिले में पूर्व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नई उम्मीद जगी है। सोमवार, 28 सितंबर 2026 को वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ एक्स-सीआरपीएफ वॉरियर, बक्सर के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक आनंद मिश्रा पहुंचे।

इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व सीआरपीएफ जवानों के कल्याण और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आनंद मिश्रा ने सीआरपीएफ के वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के राष्ट्रसेवा में योगदान की सराहना की।

उन्होंने जवानों के त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को प्रेरणादायक बताते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। एसोसिएशन के अध्यक्ष रितेश पांडेय ने विधायक के समक्ष बक्सर जिले में केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना की बाह्य रोगी विभाग सुविधा और वेलनेस सेंटर स्थापित करने की मांग रखी।

उन्होंने कहा कि बक्सर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कर्मी और उनके परिवार रहते हैं। ऐसे में जिले में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें इलाज के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने की परेशानी से राहत मिल सकती है। मांग पर विधायक आनंद मिश्रा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि इस विषय को संबंधित स्तर पर उठाकर जल्द कार्यवाही और प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने पूर्व सीआरपीएफ जवानों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को महत्वपूर्ण बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। विधायक ने एसोसिएशन द्वारा पूर्व जवानों और उनके परिवारों के हित में किए जा रहे सामाजिक एवं कल्याणकारी कार्यों की भी सराहना की। कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष रितेश पांडेय, कोषाध्यक्ष गोपाल, सचिव एवं भूतपूर्व निरीक्षक छोटे लाल सिंह, विनोद कुमार तिवारी, वशिष्ठ कुमार राय, रघुनाथ यादव, विक्रमा मिश्रा, प्रभात मिश्रा, प्रसाद उपाध्याय, रंजन राय, जगमोहन राम सहित सीआरपीएफ कर्मियों के परिजन बसंत राय, जावेद खान, नितेश कुमार तथा सीमा सुरक्षा बल के जवान नरेश कुमार पांडेय, उत्तम कुमार और अन्य परिजन मौजूद रहे।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।