पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव का नाती शराब पीकर थार चलाते पकड़ाः शिवपुरी में कोर्ट ने लगाया 10 हजार का जुर्माना

शिवपुरी के माधव चौक इलाके में रविवार रात एक युवक को शराब के नशे में थार रॉक्स चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस पूछताछ में युवक ने खुद को गुना के पूर्व भाजपा विधायक गोपी लाल जाटव का नाती बताया। सोमवार को न्यायालय में चालानी कार्रवाई के बाद उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कोतवाली पुलिस ने रविवार रात माधव चौक क्षेत्र में थार रॉक्स क्रमांक MP 13 ZV 9521 को रोका। वाहन चालक की पहचान विवेक जाटव (24) पुत्र उमाशंकर जाटव, निवासी महावीरपुरा, गुना के रूप में हुई। जांच के दौरान विवेक शराब के नशे में पाया गया। पुलिस पूछताछ में विवेक ने गोपी लाल जाटव को अपना दादा बताया।
गोपी लाल जाटव गुना से पूर्व विधायक रह चुके हैं। वाहन पर 'पूर्व विधायक' लिखे होने के कारण यह मामला रात में पकड़े जाने के बाद से ही चर्चा का विषय बन गया था। सोमवार को वाहन मालिक आनंद जाटव पुत्र उमाशंकर जाटव ने न्यायालय में पहुंचकर चालानी प्रक्रिया पूरी की।
न्यायालय में 10 हजार रुपये का जुर्माना जमा करने के बाद कोतवाली पुलिस ने थार रॉक्स वाहन को सुपुर्द कर दिया।