राज्य

राहत और बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जलमग्न क्षेत्रों का किया दौरा, राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राहत और बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जलमग्न क्षेत्रों का किया दौरा, राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा

भोपाल, 20 अगस्त 2026। रीवा में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते रीवा नगर निगम क्षेत्र के कई मोहल्लों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जलमग्न क्षेत्रों का दौरा कर मौके पर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 23 ललऊ घाट, वार्ड क्रमांक 15 विहान हॉस्पिटल, वार्ड क्रमांक 10 सामुदायिक भवन, वार्ड क्रमांक 41 भैरव मार्ग बिछिया तथा रानी तालाब क्षेत्र पहुंचकर जलभराव से उत्पन्न परिस्थितियों का निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि पूरा प्रशासन स्थिति से निपटने के लिए मौके पर तैनात है। उन्होंने कहा कि जहां भी लोग फंसे हुए हैं, उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के साथ उनकी हर संभव कठिनाई को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। कंट्रोल रूम पहुंचकर की राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा

जलमग्न क्षेत्रों के दौरे से पहले उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कंट्रोल रूम पहुंचकर रीवा नगर में जलभराव की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और अब तक किए गए राहत कार्यों की जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त को सभी प्रभावित मोहल्लों से अविलंब पानी निकालने तथा राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नजर प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

राजस्व और पुलिस विभाग की टीमें भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके। भारी बारिश से उत्पन्न जलभराव के बीच प्रशासन का मुख्य जोर प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखने, जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने और जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने पर है।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।