राहुल गांधी के तमिल भाषा पर आक्रमण संबंधी आरोप निराधार: भाजपा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 11, नई दिल्ली: भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भारत सरकार पर तमिल भाषा का अनादर करने संबंधी बयान को निराधार बताया है। भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस वार्ता कर राहुल गांधी के दावों का खंडन किया।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तमिल भाषा का सम्मान किया गया है और उसे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने तमिल भाषा और संस्कृति के संवर्धन के लिए केंद्र सरकार की ओर से किए गए विभिन्न प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संसद में तमिल संस्कृति के प्रतीक पवित्र सेंगोल की स्थापना का कांग्रेस ने विरोध किया था।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को तमिल ग्रंथ तिरुवल्लुवर भेंट करने और सिंगापुर में दुनिया का पहला तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र शुरू करने जैसे प्रयास तमिल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में किए गए हैं।
सुधांशु त्रिवेदी ने स्टारलिंक विवाद पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब स्टारलिंक का स्वागत कर रहे हैं, जबकि करीब एक साल पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने स्टारलिंक की कमियां गिनाई थीं।
उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस हमेशा विदेशी कंपनियों का समर्थन क्यों करती है। सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि भारत में एक जीबी डेटा की मासिक कीमत 15 से 16 रुपये है, जबकि अमेरिका में इसके लिए 550 से 600 रुपये तक चुकाने पड़ते हैं।
(बाइट- भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी)