राज्य

राइजिंग राजस्थानः 10 दिसंबर तक अधिकाधिक एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग के निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 14 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राइजिंग राजस्थानः 10 दिसंबर तक अधिकाधिक एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग के निर्देश

जयपुर, 7 सितंबर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को आगामी 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस तक अधिक से अधिक निवेश समझौतों को धरातल पर उतारने के लक्ष्य के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव सोमवार को शासन सचिवालय में राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हुए एमओयू की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

श्रीनिवास ने निवेश परियोजनाओं से संबंधित प्रस्ताव और फाइलें जल्द प्रस्तुत करने तथा जिला कलेक्टरों के साथ नियमित समन्वय कर परियोजनाओं के रास्ते में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता से दूर करने को कहा। उन्होंने ऊर्जा और राजस्व विभाग से संबंधित मामलों में विशेष तेजी लाने के निर्देश दिए। भूमि की पहचान और आवंटन से जुड़े प्रकरणों का भी जल्द समाधान करने पर जोर दिया, ताकि परियोजनाओं को धरातल पर लाने में अनावश्यक देरी न हो।

अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग शिखर अग्रवाल ने बताया कि राइजिंग राजस्थान के तहत 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव विभिन्न चरणों में हैं। इनमें 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों में मंजूरी दी जानी है, उनका शीघ्र अनुमोदन किया जाए और जिन प्रस्तावों को मंजूरी देना संभव नहीं है, उनमें भी तत्काल निर्णय लिया जाए। बैठक में विभागवार लक्ष्यों और प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित जिला कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में जुड़े।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।