राजधानी भोपाल में ऑनर किलिंग का मामला: 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या का आरोप, मां और मामा गिरफ्तार

भोपाल। राजधानी भोपाल में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिपलानी थाना क्षेत्र में कथित तौर पर किशोरी की उसकी मां और मामा ने दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किशोरी की मां उसकी शादी कहीं और करवाना चाहती थी, जबकि किशोरी इसका विरोध कर रही थी। बताया जा रहा है कि किशोरी किसी अन्य युवक से शादी करना चाहती थी, जिसे लेकर मां-बेटी के बीच विवाद चल रहा था।
आरोप है कि इसी विवाद के बाद मां कमला और मामा विजय राय ने कथित तौर पर दुपट्टे से किशोरी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों द्वारा बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है।
मामले की सूचना पुलिस तक पहुंचने के बाद पिपलानी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतका की मां कमला और मामा विजय राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
किशोरी की हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और शादी से जुड़ा विवाद कितना महत्वपूर्ण कारण था, इसे लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपों और घटना की पूरी परिस्थितियां पुलिस जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होंगी।