देश

राजगढ़़ : एफएलएन एवं जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजगढ़़ : एफएलएन एवं जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

एफएलएन एवं जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश राजगढ़़ : कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर सभागार में एफएलएन एवं जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने पिछली जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। साथ ही डीपीएमयू एवं बीपीएमयू स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठकों की स्थिति तथा जिला अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाही की भी जानकारी ली।

बैठक में बताया गया कि माह जुलाई में ब्लॉक के सभी मेंटर्स द्वारा एफएलएन अंतर्गत कक्षा 1 एवं 2 की कुल 433 कक्षा अवलोकन विजिट की गईं। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कक्षा अवलोकन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आगामी माह में सभी मेंटर्स द्वारा कक्षा अवलोकन के दौरान विषयवार एवं कक्षावार संतुलन बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने अभ्यास पुस्तिकाओं के शिक्षकों द्वारा उपयोग एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति की नियमित जांच किए जाने की जानकारी भी ली। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि सीएसी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक कक्षा में प्रतिदिन 15 मिनट के पोस्टर एवं अन्य एफएलएन गतिविधियों का प्रभावी उपयोग हो।

उन्होंने अगस्त माह में निर्धारित मेंटर विजिट के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में ब्लॉक स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण एवं आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आरएसके के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि सभी शिक्षकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने रीडिंग कैंपेन में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर को प्रभावी रूप से विकसित एवं प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा बीआरसी जीरापुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

जीरापुर क्षेत्र के विद्यालयों के ‘डी’ श्रेणी में पाए जाने तथा विद्यालयों की निगरानी में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि एफएलएन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करना है।

इसके लिए मैदानी स्तर पर नियमित कक्षा अवलोकन, शिक्षकों का प्रशिक्षण, अभ्यास पुस्तिकाओं का प्रभावी उपयोग तथा पठन गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।