देश

राजगढ़-राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने विद्यार्थियों को वितरित की नि:शुल्क साइकिलें, प्रतियोगिता के दौर में निरंतर मेहनत और बेहतर परिणाम के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजगढ़-राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने विद्यार्थियों को वितरित की नि:शुल्क साइकिलें, प्रतियोगिता के दौर में निरंतर मेहनत और बेहतर परिणाम के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि “साइकिल वितरण तो एक बहाना है, आप सभी से मिलने और संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ है। आपके विद्यालय का परिणाम अच्छा आया है, लेकिन अब इसे और बेहतर बनाने का प्रयास करना है।” उन्होंने कहा कि आज का युग प्रतिस्पर्धा का युग है।

विद्यार्थी कठिन परिश्रम कर शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर रहे हैं, ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी को निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से भी विद्यार्थियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी पढ़ाई समय पर पूरी हो, इसके लिए विद्यालय और परिवार दोनों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।

विद्यार्थियों को आधुनिक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप सक्षम बनाने के लिए निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन आवश्यक है।

कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को भविष्य की दिशा तय करने का संदेश

कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि यह जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहीं से आगे की शिक्षा और करियर की दिशा तय होती है। विद्यार्थियों को अभी से यह निर्धारित करना चाहिए कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं—डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक अथवा प्रशासनिक अधिकारी।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य का निर्धारण कर उसी दिशा में पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न जनकल्याणकारी एवं शैक्षणिक योजनाओं के माध्यम से उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है।

बेटियों को दिया सफलता का संदेश

बेटियों को प्रोत्साहित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का उदाहरण देते हुए कहा कि सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक उनका पहुंचना आप सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे भी कठिन परिश्रम , दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करें और सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त करें। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ शिक्षा प्राप्त करें, अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करें और अपने विद्यालय, क्षेत्र तथा प्रदेश का नाम रोशन करें।

प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का किया उत्साहवर्धन

कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी विद्यार्थियों से भी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने आत्मीय संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने तथा अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।