देश

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोरी के नवनिर्मित भवन में कक्षाओं के संचालन का शुभारम्भ

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 18 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोरी के नवनिर्मित भवन में कक्षाओं के संचालन का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री और प्रियंका गांधी ने छात्रों को दी बधाई

अगस्त 18, मंडी (हिमाचल प्रदेश): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू आज जिला मण्डी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोरी के नवनिर्मित भवन में कक्षाएं संचालित होने के अवसर पर आयोजित समारोह में शिमला से वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयोरी का निर्माण लगभग 70 लाख रुपये तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोरी का निर्माण 3 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से किया गया है। दयोरी विद्यालय भवन भारी बारिश के कारण 14 अगस्त, 2023 को पूर्ण रूप से बह गया था। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी की महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी दयोरी में नए स्कूल भवन के लोकार्पण अवसर पर स्वयं वहां आना चाहती थी लेकिन खराब मौसम के कारण नहीं आ सकीं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी दयोरी स्कूल के बच्चों से मिलना चाहती हैं और उनसे संवाद करना चाहती है इसलिए वह आगामी सितम्बर माह में यहां आएंगी। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बधाई देते हुए कहा कि इस स्कूल के भवन पुनर्निर्माण में स्थानीय समुदाय का सराहनीय योगदान रहा है। उन्होंने दयोरी विद्यालय के निर्माण के लिए शिक्षा विभाग को एक बीघा से अधिक जमीन दान करने के लिए स्थानीय निवासी चिंता देवी, दासी देवी और पुन्नी देवी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों का पुनर्निर्माण आधुनिक तरीके से कर रही है। व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से शिक्षा नीति में महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। परिणामस्वरूप शिक्षा क्षेत्र में जो हिमाचल प्रदेश वर्ष 2021 में 21वें स्थान पर था, वर्तमान प्रदेश सरकार के प्रयासों से अब 5वें स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए स्कूल को एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर दयोरी में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी का स्कूल के बच्चों के लिए दिए गए संदेश को पढ़ा। सांसद प्रियंका गांधी ने मण्डी जिला के दयोरी में आपदा के मंजर का स्मरण करते हुए कहा कि सभी ने बहादुरी से इस विपदा का सामना किया। मैंने 12 सितम्बर, 2023 को इस त्रासदी को अपनी आंखों से देखा था। इन तीन वर्षों में सभी ने क्षतिग्रस्त स्कूल भवन के निर्माण के लिए कड़ी मेहनत की है। अब नए स्कूल भवन में कक्षाओं का संचालन आरम्भ हो गया है। प्रियंका गांधी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनसे स्कूल में आकर मिलने का वायदा किया। सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्ष 2023 की प्राकृतिक आपदा का पूरे हिमाचल ने बहादुरी से सामना किया। हिमाचलवासियों ने साबित किया कि उनके हौंसले हिमालय की तरह अडिग और ऊंचे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप स्कूल में संविधान के मूल्य, समानता, आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना के बारे और अधिक जानेंगे और समझेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आपके हुनर को मजबूत बनाने की शुरूआत स्कूल से ही होगी। आप ही देश का भविष्य हैं। इस अवसर पर शिमला से सचिव शिक्षा राकेश कंवर, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली और अन्य गणमान्य तथा जिला मण्डी के दयोरी में एचपीएमसी के निदेशक मंडल सदस्य जोगिन्द्र गुलेरिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य उपस्थित थे।

कैप्शन: दयोरी के नवनिर्मित भवन में कक्षाएं संचालित होने के अवसर पर आयोजित समारोह में शिमला से वर्चुअल माध्यम से हुए शामिल

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।