राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में 442 कंट्रोल यूनिट का रेंडमाइजेशन, 71 मशीनें रिजर्व रखी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →भास्कर न्यूज। भरतपुर नगरीय निकाय चुनाव में ईवीएम के आवंटन की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी की अध्यक्षता में ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई इस प्रक्रिया में 442 कंट्रोल यूनिट का रेंडमाइजेशन किया गया।
इनमें 371 मशीनें चुनाव में उपयोग के लिए और 71 रिजर्व रखी गई हैं। रेंडमाइजेशन के जरिए यह तय किया गया कि उपलब्ध ईवीएम में से कौन सी मशीन किस नगरीय निकाय के चुनाव में इस्तेमाल होगी।
मशीनों का चयन पहले से तय न हो सके और किसी विशेष मशीन को किसी क्षेत्र में लगाने की संभावना न रहे, इसके लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कंप्यूटरीकृत रेंडमाइजेशन किया गया। प्रक्रिया की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी दी गई।
जिले के सात नगरीय निकायों के चुनाव के लिए 442 कंट्रोल यूनिट और 570 बैलेट यूनिट उपलब्ध हैं। प्रथम रेंडमाइजेशन के बाद मशीनों को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आवंटित किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में इन मशीनों की जांच और आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस दौरान अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा, नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी रिछपाल सिंह बुरड़क, सहायक कलक्टर आईएएस आलोक सिंह, आरओ भुसावर राधेश्याम मीना, आरओ नदबई सचिन यादव, आरओ भरतपुर भारती गुप्ता, आरओ वैर ऋतुराज शर्मा सहित निर्वाचन प्रकोष्ठ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
राजनीतिक दलों की ओर से निर्लेप मिश्रा, वीरेंद्र सिंह, योगेश सिंघल, उत्तम सिंह एवं हरिओम सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निकाय में ईवीएम, पंच-सरपंच चुनाव में मतपत्र... राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम से होंगे, लेकिन आगामी पंचायतीराज चुनाव में पंच और सरपंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे।
हालांकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव ईवीएम से होंगे, लेकिन ईवीएम की कमी वाले क्षेत्रों में इनके चुनाव भी बैलेट बॉक्स से कराने की तैयारी रखने के राज्य निर्वाचन आयोग ने पूर्व में निर्देश दिए थे। पिछले तीन पंचायत चुनावों में पंच-सरपंच सहित पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव ईवीएम से हुए थे।
इस बार मतदान व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
📡 स्रोत: NewsData.io