अपराध

राजस्थान: 235 खिलाड़ियों को राज्य सरकार में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी, पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्तियों देने का निर्णय

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान: 235 खिलाड़ियों को राज्य सरकार में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी, पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्तियों देने का निर्णय

जयपुर, 6 नवंबर। राज्य में विभिन्न खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को अलग-अलग विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्तियां दी जाएंगी। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में जयपुर में गुरुवार को आयोजित राज्य स्तरीय समिति की सातवीं बैठक में यह निर्णय लिया गया। समिति ने 286 नए आवेदनों पर विचार के बाद 235 खिलाड़ियों के प्रस्ताव स्वीकृत किए हैं।

इनमें नौ खिलाड़ियों को पुलिस उप अधीक्षक, जबकि दो खिलाड़ियों को उप निरीक्षक और आबकारी विभाग में पेट्रोलिंग ऑफिसर ग्रेड-द्वितीय के पद पर नियुक्ति मिलेगी। शेष 224 खिलाड़ियों को लिपिक ग्रेड-द्वितीय, कांस्टेबल, आबकारी सिपाही और उप जेलर के पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। इनमें 73 पैरा खिलाड़ी शामिल हैं।

दिसम्बर 2023 से अब तक 187 पदक विजेताओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। बैठक में पूर्व में वन विभाग में पदस्थापित खिलाड़ियों की वर्तमान स्थिति, उनकी विशिष्ट सेवा संबंधी कठिनाइयों तथा उनके समाधान के लिए आगामी विभागीय कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इन खिलाड़ियों को नियमों में एकबारीय छूट देने तथा आवश्यकता के अनुसार अन्य विभागों में समायोजित करने के संबंध में भी चर्चा कर निर्णय लिया गया।

मुख्य सचिव ने खेल विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से खिलाड़ियों के पदस्थापन एवं अन्य लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव वन विभाग आनन्द कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव युवा मामले एवं खेल विभाग प्रवीण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग भास्कर सावंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग दिनेश कुमार, शासन सचिव कार्मिक विभाग अर्चना सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।