राजस्थान: अजमेर मंडल रेल अस्पताल ने बनाया रिकॉर्ड, एक माह में 373 सर्जरी कर भारतीय रेलवे में हासिल किया पहला स्थान

अजमेर, 24 अगस्त। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल रेलवे अस्पताल ने भारतीय रेलवे के मंडल अस्पतालों में सर्वाधिक सर्जरी का रिकॉर्ड बनाया है। अजमेर मंडल रेल अस्पताल में पिछले माह 373 सर्जरी की गईं। इनमें 116 मेजर, तीन स्पेशल मेजर और एक सौ अस्सी माइनर सर्जरी शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, किसी भी मंडल अस्पताल में एक माह में की गई यह सर्वाधिक सर्जरी हैं। गौरतलब है कि वर्ष 1890 में स्थापित अजमेर मंडल रेल अस्पताल वर्तमान में 166 बिस्तरों का मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल है और अजमेर मंडल के एक लाख बीस हजार से अधिक रेल लाभार्थियों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन एक हजार से पंद्रह सौ मरीज पहुंचते हैं। अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स, लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, यूरोलॉजी, नेत्र रोग और स्त्री रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं।
यहां घुटना व अन्य प्रत्यारोपण, आर्थ्रोस्कोपिक और मिनिमली इनवेसिव स्पाइन सर्जरी, लेजर स्टोन रिमूवल और आधुनिक मोतियाबिंद उपचार जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स और जनरल सर्जरी में डीएनबी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।
इन सुविधाओं के विस्तार से रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।