राजस्थान: दो दिन में दो बड़े सड़क हादसे, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, आधा दर्जन के करीब लोग घायल भी
जयपुर, 22 अगस्त। राजस्थान में दो दिन में दो बड़े सड़क हादसे सामने आए है।। पहला हादसा जयपुर जिले के फागी क्षेत्र में शुक्रवार रात हुआ। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं दूसरा हादसा सीकर जिले के श्रीमाधोपुर के भारणी मोड़ पर शनिवार सुबह हुआ।
हादसे में आधा दर्जन खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालु घायल हो गए। ये सभी दिल्ली के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार जयपुर जिले के फागी-चाकसू मार्ग पर एलएंडटी के समीप परिवार के सदस्य खेत से काम पूरा कर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में मृतक फागी के वार्ड संख्या 12 स्थित कुम्हारों के मोहल्ले के रहने वाले थे। इनमें सत्यनारायण, मनमौज, अमृता देवी और शिमला देवी की मौत हो गई। जबकि घायल बद्री पुत्र सत्यनारायण को उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की सूचना पर फागी थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
शवों को फागी उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक साथ चार लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर धरना दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रेमंचद बैरवा ने दुख व्यक्त किया है।
वहीं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उधर, सीकर जिले के भारणी मोड़ पर शनिवार सुबह ट्रक और कार के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दिल्ली निवासी आधा दर्जन के करीब लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौकै पर अफरा तफरी मच गई। घायलों को 108 एम्बुलेंस से पहुंचाया रींगस सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। ये सभी खाटूश्यामजी दर्शन के लिए आए थे।