राजस्थान: जैसलमेर विधायक ने किया विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास

जैसलमेर, 19 अगस्त। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए स्वर्णनगरी जैसलमेर को सुंदर, सुविधाजनक और पर्यटक अनुकूल बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इन कार्यों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ खेल, शिक्षा और शहर के सौन्दर्यकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
इसी कड़ी में मंगलवार को जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने जोधपुर-रामगढ़ बाईपास लिंक रोड पर महारावल जैसलदेव जी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्वर्णनगरी के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
नगर परिषद के अनुसार सोनार दुर्ग के चारों ओर किला पार्किंग तक हेरिटेज वॉक-वे के सौन्दर्यकरण एवं विकास का कार्य प्रमुखता से करवाया जाएगा। इससे ऐतिहासिक सोनार दुर्ग के आसपास का क्षेत्र और अधिक आकर्षक एवं पर्यटक अनुकूल बनेगा।
इसके अलावा पंचायत समिति सम चौराहा से नीरज बस स्टैंड सर्किल तक स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज का निर्माण, पुलिस लाइन कच्ची बस्ती स्थित तनाश्रम में हॉल निर्माण तथा इंदिरा इंडोर स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा।
डेजर्ट क्लब में बैडमिंटन हॉल निर्माण, गड़ीसर सर्किल से डब्ल्यूआरडी कार्यालय तक रोड शोल्डर पर कोबल स्टोन कार्य तथा मेघवाल समाज भवन के छात्रावास में लाइब्रेरी निर्माण के कार्य भी प्रस्तावित हैं।
इन विकास कार्यों से शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन सुविधाओं और खेल एवं शिक्षा से जुड़े संसाधनों का विस्तार होगा।