राज्य

राजस्थान: मुख्य सचिव ने जोधपुर में चिकित्सा संस्थानों और हाईकोर्ट भवन का किया निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान: मुख्य सचिव ने जोधपुर में चिकित्सा संस्थानों और हाईकोर्ट भवन का किया निरीक्षण

जयपुर, 5 सितंबर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जोधपुर दौरे के दौरान उम्मेद अस्पताल, डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज और राजस्थान हाईकोर्ट के नए भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर एवं सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने उम्मेद अस्पताल में बहिरंग विभाग, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, गायनी आईसीयू, एचडीयू और पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने नवजात शिशु सघन उपचार इकाई में आउट-बॉर्न और इन-बॉर्न नर्सरी की व्यवस्थाएं भी देखीं तथा नवजात शिशुओं के उपचार, देखभाल, उपलब्ध संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को चिकित्सा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने, आवश्यक संसाधनों को मजबूत करने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विभिन्न इकाइयों में उपकरणों और अन्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया।

इसके बाद मुख्य सचिव ने डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, संभागीय आयुक्त केएल स्वामी, जिला कलेक्टर आलोक रंजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बाद में मुख्य सचिव ने राजस्थान हाईकोर्ट के नए भवन का निरीक्षण कर पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति देखी। गौरतलब है कि इन कार्यों के संबंध में मुख्य सचिव को हाईकोर्ट प्रशासन को अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। इस साथ ही मुख्य सचिव वी. श्री निवास ने मारवाड इंटरनेशनल सेंटर पहुंचकर जोधपुर के विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने जोजरी नदी के जीर्णोद्धार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।