राज्य

राजस्थान: नगर निकाय चुनाव में साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील, राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

लेखक: AIR Jaipur अंतिम अपडेट: 24 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान: नगर निकाय चुनाव में साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील, राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

जयपुर, 24 अगस्त। नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को देखते हुए राजस्थान पुलिस ने मतदाताओं, प्रत्याशियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय की साइबर क्राइम शाखा ने फर्जी लिंक, ओटीपी, क्यूआर कोड, फिशिंग ई-मेल और डीपफेक सामग्री को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं वी.के. सिंह ने बताया कि ठग मतदाता सूची में नाम देखने या मतदान केंद्र बदलने के नाम पर व्हाट्सऐप और एसएमएस के जरिए फर्जी लिंक भेज सकते हैं।

मतदाताओं को ऐसे लिंक से बचने और चुनाव संबंधी जानकारी केवल अधिकृत राज्य निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान की वेबसाइट से लेने की सलाह दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वोटर कार्ड अपडेट या सत्यापन के नाम पर फोन करने वाले किसी व्यक्ति को ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या यूपीआई पिन साझा नहीं करें।

चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल फर्जी वीडियो, ऑडियो और डीपफेक सामग्री की भी पुष्टि किए बिना विश्वास या प्रसार नहीं करने को कहा गया है। प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया खातों पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय रखने तथा चुनावी चंदे के नाम पर भेजे गए क्यूआर कोड की जांच करने की सलाह दी गई है।

किसी को पैसा प्राप्त करने के लिए कभी भी अपना यूपीआई पिन दर्ज नहीं करना पड़ता। क्यूआर कोड स्कैन करने या पिन डालने से पहले लेन-देन की पूरी जानकारी लेने को कहा गया है। चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों को संवेदनशील जानकारी निजी उपकरणों या सार्वजनिक वाई-फाई पर साझा नहीं करने को कहा गया है।

पुलिस ने साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। साथ ही साइबर पुलिस स्टेशन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है। राजस्थान में उपलब्ध साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 एवं 9257510100 पर भी सूचना दी जा सकती है।

A
AIR Jaipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।