राजनीति

राजस्थान: नगरीय निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में मतदान जारी, बड़ौदामैव नगरपालिका में सबसे अधिक तो अजमेर नगर निगम में सबसे कम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान: नगरीय निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में मतदान जारी, बड़ौदामैव नगरपालिका में सबसे अधिक तो अजमेर नगर निगम में सबसे कम

जयपुर, 11 सितंबर। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत प्रदेश की 147 नगरीय निकायों में दूसरे चरण का मतदान जारी है। इनमें 6 नगर निगम, 20 नगरपरिषद और 121 नगरपालिकाएं शामिल हैं। जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और पाली नगर निगम के चुनाव में मतदाता उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं। दोपहर एक बजे तक प्रदेश में 44.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्य में दोपहर 1 बजे तक सबसे अधिक मतदान अलवर जिले की बड़ौदामैव नगरपालिका में 75.13 प्रतिशत रहा। वहीं सबसे कम 35.61 प्रतिशत मतदान अजमेर नगर निगम में हुआ। जयपुर नगर निगम में दोपहर एक बजे तक 37.40 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। इनमें नये मतदाता से लेकर बुजुर्ग मतदाता तक शामिल हैं। महिलाएं भी उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं। दिव्यांग और ट्रांसजेंडर मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाते हुए मतदान करने पहुंच रहे हैं।

इस बीच जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि दूसरे चरण में 4 हजार 774 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है। इन वार्डों में 83 लाख 60 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चरण में 18 हजार 200 से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रदेश के सभी 309 नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी।

वहीं अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को कराया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में मतदान किया। वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिव पायलट ने जयपुर में मतदान किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।