व्यापार

राजस्थान: प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के लिए मुख्यमंत्री ने किया आह्वान, भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर एक्सपो में व्यापारियों के साथ की बैठक

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान: प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के लिए मुख्यमंत्री ने किया आह्वान, भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर एक्सपो में व्यापारियों के साथ की बैठक

जयपुर, 2 नवंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए निवेशकों को आमंत्रित किया है। उन्होंने सोमवार को नई दिल्ली में भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन और एक्सपो के दौरान 50 से अधिक प्रमुख निवेशकों के साथ राउंड टेबल बैठक की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान अक्षय ऊर्जा उत्पादन और सौर ऊर्जा क्षमता स्थापना में देश में पहले स्थान पर है। राज्य में 51 हजार मेगावाट से अधिक अक्षय ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है, जिसमें 45 हजार मेगावाट से अधिक सौर ऊर्जा शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक लगभग 125 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता विकसित करना है।

इसके लिए सौर, पवन, हाइब्रिड परियोजनाओं और ऊर्जा भंडारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्थान एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति लागू की है। साथ ही, मेगा अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ‘राइट टू यूज’ नीति जारी की गई है। वहीं, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना 2024 के तहत निवेशकों को विभिन्न प्रोत्साहन एवं सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। वहीं, सौर ऊर्जा के अतिरिक्त उत्पादन के उपयोग तथा पीक डिमांड के दौरान ग्रिड प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं के विकास की कार्ययोजना तैयार की गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक्सपो में लगाई गई राजस्थान की स्टॉल्स का उद्घाटन और अवलोकन भी किया।

एक्सपो में प्रदेश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया। ‘निवेश करें, नवाचार करें, प्रेरित करें’ की थीम पर आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में राजस्थान सहित देश के 13 राज्यों एवं केन्द्र-शासित प्रदेशों द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, निवेश के अवसरों और विनिर्माण क्षमताओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 2 से 5 नवम्बर तक आयोजित हो रहे इस सम्मेलन 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। वहीं, 400 से अधिक प्रदर्शक सौर एवं पवन ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, ऊर्जा भंडारण और अन्य उभरते क्षेत्रों की अत्याधुनिक तकनीकों एवं स्वच्छ ऊर्जा समाधानों का प्रदर्शन कर रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक निवेश, औद्योगिक भागीदारी और तकनीकी साझेदारियों को प्रोत्साहित करना है।

इस दौरान ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर एवं मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।