राजस्थान संपर्क को ‘नेक्स्ट जेन जनसम्पर्क’ के रूप में विकसित करने पर जोर, मुख्य सचिव ने राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन केन्द्र का किया निरीक्षण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 21 सितंबर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान संपर्क को ‘नेक्स्ट जेन जनसम्पर्क’ के रूप में विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। तकनीक के माध्यम से आमजन और शासन के बीच संवाद को अधिक प्रभावी बनाकर शिकायतों के त्वरित, सार्थक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्य सचिव सोमवार को राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन केंद्र के निरीक्षण के दौरान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न जिलों के परिवादियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनकर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल एक अभिनव पहल है। इसके माध्यम से प्रशासनिक सचिव प्रतिदिन वीडियो कॉल के जरिए आमजन से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं। इससे लोगों की वास्तविक कठिनाइयों और समस्याओं के स्वरूप को सीधे समझने में भी मदद मिल रही है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का संतुष्टि स्तर बढ़े और उन्हें प्रभावी एवं सार्थक समाधान मिल सके। उन्होंने जिला स्तरीय और विभागीय अधिकारियों से जनसामान्य से जुड़े परिवादों के निस्तारण में अधिकतम संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि निस्तारण के बाद असंतुष्ट पाए जाने वाले परिवादियों की शिकायतों पर जिला स्तरीय और विभागीय उच्चाधिकारी विशेष ध्यान दें। ऐसे मामलों में अपने स्तर पर संतोषजनक समाधान के प्रयास किए जाएं। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण के दौरान सामने आने वाली कमियों की पहचान कर आवश्यक सुधार किए जाएं, जिससे आमजन को अधिकतम राहत मिल सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य सचिव ने बीकानेर के अशोक कुमार, जयपुर के मोहनलाल और टोंक के आसाराम सहित अन्य परिवादियों से बातचीत की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रशासनिक सुधार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के आयुक्त हिमांशु गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।