राजस्थान: सवाईमाधोपुर जिले के दो गांवों में तेंदुए की दहशत, वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील

सवाई माधोपुर, 22 अगस्त। जिले की रणथम्भौर बाघ परियोजना की फालोदी रेंज के दूमोदा और आसपास के गांवों में तेंदुए की गतिविधि को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधि के कारण एक बच्चे की मृत्यु की दुखद घटना के बाद विभाग ने निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी है। उपवन संरक्षक प्रथम मानस सिंह ने बताया कि क्षेत्र के सभी सरपंचों और जनप्रतिनिधियों से लगातार समन्वय एवं संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
उन्हें अपने-अपने गांवों में वन विभाग की ओर से जारी सावधानियों एवं दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा ग्रामीणों से उनका पालन सुनिश्चित करवाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं तथा ट्रैप केज भी स्थापित किए गए हैं। तेंदुए को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू करने के लिए विभाग की रेस्क्यू टीम 24 घंटे सक्रिय है। साथ ही क्षेत्र में लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से रात और सुबह के समय विशेष सतर्कता बरतने तथा अकेले घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। बच्चों को विशेष रूप से अकेले बाहर नहीं भेजने, घर के आसपास पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रखने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसे घेरने अथवा भीड़ एकत्र करने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है।
विभाग ने तेंदुए की उपस्थिति या गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने तथा स्वयं तेंदुए को पकड़ने या भगाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं और अफवाहें प्रसारित नहीं करने का आग्रह किया गया है।
वन विभाग ने आमजन से घबराने के बजाय जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा तेंदुए की गतिविधि से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल विभाग तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।