अपराध

राजस्थान से शिवपुरी आया था स्मैक बेचने, 38.50 ग्राम स्मैक के साथ रवि जोगी गिरफ्तार

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 3 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान से शिवपुरी आया था स्मैक बेचने, 38.50 ग्राम स्मैक के साथ रवि जोगी गिरफ्तार

शिवपुरी। शहर को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के झालावाड़ जिले से शिवपुरी में स्मैक बेचने की कथित नियत से आए रवि जोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 38.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस ने स्मैक, मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित कुल 10 लाख 55 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को सिंहनिवास पुल के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान गुना की ओर से बिना नंबर की काले रंग की डीलक्स मोटरसाइकिल पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक मोटरसाइकिल पीछे कर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम रवि जोगी पुत्र रमेशचंद्र जोगी, उम्र 32 वर्ष, निवासी घाटौली, थाना घाटौली, तहसील इकलेरा, जिला झालावाड़, राजस्थान बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की कमर पर काले-भूरे रंग का कमरबंद बैग था। तलाशी लेने पर बैग के अंदर पारदर्शी पन्नी में 38.50 ग्राम स्मैक मिली।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक के अलावा करीब 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल और एमआई कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया। कुल जब्त मशरूका की कीमत 10.55 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 675/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस आरोपी से स्मैक के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है। पहले से दो मामलों में था वांछित पुलिस के अनुसार आरोपी रवि जोगी कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 670/26 और 673/26, दोनों धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, में भी वांछित था। पुलिस ने इन मामलों में भी उसकी गिरफ्तारी की है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल तीन मामले दर्ज हैं। तीन दिन में 72.35 ग्राम स्मैक जब्त कोतवाली पुलिस के अनुसार पिछले तीन दिनों में मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है।

इस दौरान विभिन्न आरोपियों से 72.35 ग्राम स्मैक, कीमत करीब 17 लाख 60 हजार रुपए बरामद की गई। कार्रवाई में एक बोलेरो और दो मोटरसाइकिल सहित तीन वाहन तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक आदित्य प्रताप सिंह राजावत, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, नरेश दुबे,दिनेश सिंह, महाराज सिंह, आरक्षक राहुल रजक, विजय निगम और महेन्द्र तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत

नशे के प्रलोभन से दूर रहकर हम समाज को स्वस्थ बना सकते हैं। यदि किसी को नशे की लत लगती है, तो परिवार, चिकित्सक और समाजसेवी संगठनों से मदद लें, न कि अपराध की राह चुनें। नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी नुकसान पहुँचाता है। आपसी समझ और सहानुभूति से ही हम एक नशामुक्त, सुरक्षित और समृद्ध समाज की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं