राज्य

राजस्थान : 'स्मार्ट पुलिसिंग’ प्रशिक्षण से पुलिस बल को भविष्य की डिजिटल चुनौतियों के लिए किया जाएगा तैयार, डीजीपी ने कोटा में किया ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

लेखक: AIR Jaipur अंतिम अपडेट: 18 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान : 'स्मार्ट पुलिसिंग’ प्रशिक्षण से पुलिस बल को भविष्य की डिजिटल चुनौतियों के लिए किया जाएगा तैयार, डीजीपी ने कोटा में किया ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

जयपुर, 18 अगस्त। तेजी से बदल रहा अपराध का स्वरूप और पुलिसिंग के सामने डिजिटल चुनौतियां उभर रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने और राजस्थान पुलिस को तकनीक के क्षेत्र में और अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कोटा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और ओएसआईएनटी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य तकनीक के प्रभावी उपयोग के माध्यम से अपराध अनुसंधान, साइबर जांच और दैनिक पुलिसिंग को और स्मार्ट एवं प्रभावी बनाना है।

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, कोटा के तकनीकी सहयोग से तीन दिवसीय ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं साइबर सुरक्षा आधारित 'स्मार्ट पुलिसिंग’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन होगा। संस्थान परिसर में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कोटा में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल, उप महानिरीक्षक पुलिस कुँवर राष्ट्रदीप सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कोर्स समन्वयक प्रोफेसर ज्ञान सिंह उपस्थित रहे।

इस मौके पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने और साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने की दिशा में की गई इस पहल की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, ''यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राजस्थान पुलिस में तकनीकी नवाचार और स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य पुलिस बल को भविष्य की डिजिटल चुनौतियों के लिए तैयार करना तथा तकनीक के बेहतर उपयोग के माध्यम से नागरिकों को अधिक सुरक्षित और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।''

कार्यक्रम में कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया, '' प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की एआई, साइबर सुरक्षा, ओएसआईएनटी और उभरती डिजिटल तकनीकों के संबंध में व्यावहारिक दक्षता बढ़ाना है। इन तकनीकों के माध्यम से अपराध अनुसंधान, डिजिटल इंटेलिजेंस, साइबर जांच और दैनिक पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोटा शहर एवं कोटा रेंज के अन्य जिलों से कुल 75 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान वास्तविक पुलिसिंग परिदृश्यों को ध्यान में रखते हुए तकनीकी ज्ञान एवं कौशल विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

A
AIR Jaipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।