अपराध

राजस्थान: टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में कोटा पुलिस की कार्रवाई, दो युवक और एक नाबालिग को पकड़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 19 अक्टूबर 2026 👁️ 2 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान: टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में कोटा पुलिस की कार्रवाई, दो युवक और एक नाबालिग को पकड़ा

जयपुर, 19 अक्टूबर। फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग मामले में कोटा पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ लिया है। कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सोमवार सुबह मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर कोटा शहर पुलिस, एजीटीएफ व आरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया।

ट्रेन के कोटा पहुंचने पर पुलिस ने कार्रवाई कर तीनों को पकड़ लिया। इनमें एक आरोपी रेहान उर्फ सुक्खा हरियाणा के सोनीपत और दूसरा आरोपी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का निवासी हैं। तीसरा 17 वर्षीय नाबालिग भी सोनीपत का रहने वाला है। ये तीनों कथित शूटर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए गए हैं और वारदात के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे।

ये तीनों वारदात के बाद ट्रेन के जनरल कोच में सवार होकर मुंबई से आ रहे थे। इनकी योजना ट्रेन से जयपुर पहुंचने और इसके बाद दिल्ली और फिर नेपाल भागने की थी। एसपी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे सूचना मिलते ही 15 मिनट के भीतर पुलिस टीमें सक्रिय हो गई और ट्रेन के कोटा पहुंचते ही आरोपियों को पकड़ लिया गया।

एसपी ने बताया कि रेहान लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित के संपर्क में था। रेहान के कहने पर नाबालिग भी कथित साजिश में शामिल हुआ। कोटा पुलिस ने तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है। अब मुंबई क्राइम ब्रांच उनसे पूछताछ कर फायरिंग की घटना और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

बाईट: तेजस्विनी गौत्तम, कोटा शहर, एसपी

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।