राज्य

राजस्थान: विधानसभा सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, सुचारू संचालन पर बनी सहमति

लेखक: AIR Jaipur अंतिम अपडेट: 18 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजस्थान: विधानसभा सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, सुचारू संचालन पर बनी सहमति

जयपुर, 18 अगस्त। 16वीं राजस्थान विधानसभा के 20 अगस्त से शुरू होने वाले छठे सत्र से पहले मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में जयपुर में सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा को लेकर विचार-विमर्श किया गया। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने सभी दलों के सदस्यों से सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित और सकारात्मक ढंग से चलाने में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। सदन का सुचारू संचालन सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि सदन में चर्चा के दौरान सभी सदस्यों को अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने भी विधानसभा अध्यक्ष को जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा में सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही सदन की मर्यादा बनाए रखते हुए अपनी बात रखने पर सहमति जताई।

बैठक में संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और विपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोकदल के डॉ. सुभाष गर्ग, बहुजन समाज पार्टी के मनोज कुमार न्यांगली और भारत आदिवासी पार्टी के थावरचंद भी बैठक में शामिल हुए। विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा भी उपस्थित रहे।

A
AIR Jaipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।