राजनीति

राजीव गांधी ने युवाओं को दिया था बहुत बड़ा अधिकार: सुनील शर्मा बिट्टू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राजीव गांधी ने युवाओं को दिया था बहुत बड़ा अधिकार: सुनील शर्मा बिट्टू

सुनील शर्मा बिट्टू ने किया इंटर कालेज यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ

अक्तूबर 13, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का पांच दिवसीय अंतर कालेज युवा उत्सव ग्रुप-2 (संगीत) आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक महाविद्यालय में आरंभ हो गया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने इस उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इसमें हिमाचल प्रदेश विवि के 42 कालेजों के विद्यार्थी गीत-संगीत की 11 अलग-अलग विधाओं में भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रतिभाशाली युवाओं को बहुत अच्छे अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि संगीत में बहुत ताकत होती है और किसी भी शिक्षण संस्थान में सकारात्मक माहौल बनाने में गीत-संगीत की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण होती है।

युवा पीढ़ी की चर्चा करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने इस पीढ़ी की ताकत को पहचानते हुए ही 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार प्रदान किया था। वह जानते थे कि आज का युवा अपने आपमें सक्षम एवं समझदार है। इसलिए, युवाओं को राजीव गांधी के सपनों को पूरा करने के लिए कार्य करना चाहिए।

सुनील शर्मा बिट्टू ने युवाओं से आग्रह किया कि वे भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझें तथा नशे से दूर रहते हुए देश एवं समाज के सजग प्रहरी बनें। इस अवसर पर मेजबान कालेज की प्रधानाचार्य डॉ. संगीता सिंह और युवा उत्सव की आयोजन सचिव डॉ. पूनम शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम प्रभारियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा उत्सव की विस्तृत जानकारी दी।

उत्सव के उदघाटन अवसर पर राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, बोर्डों-निगमों के बीओडी मैंबर, विभिन्न कालेजों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षाविद, पीटीए, ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन और सीएसए के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।