राज्य सरकार नशे के खिलाफ अपना रही जीरो टॉलरेंस नीति: मुख्यमंत्री
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 22, शिमला (हिमाचल प्रदेश): मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और ड्रग तस्करों व उनके नेटवर्क को खत्म करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसके लिए पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने ड्रग तस्करी के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने व मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित लगभग 4 करोड़ 13 लाख रुपये की संपत्तियों को जब्त करने के प्रयासों के लिए शिमला पुलिस की सराहना की है। सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्ष 2026 में अब तक शिमला पुलिस ने 15 एनडीपीएस मामलों में 68 आरोपियों और उनके सहयोगियों से संबंधित साढ़े 12 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां जब्त की हैं।
मुख्यमंत्री आज शाम राज्य सचिवालय में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान वे डेंटल कॉलेज शिमला की फैकल्टी और सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों व चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।
🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत
नशे की लत समाज की आत्मा को चीरती है, परंतु हमें हिंसा से नहीं, बल्कि शिक्षा और सहानुभूति से इसका सामना करना चाहिए। परिवारों को खुलकर संवाद करने, स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने और पुनर्वास केंद्रों को सुदृढ़ करने से नशे के चक्र को तोड़ा जा सकता है। हर एक पीड़ित को सहारा और आशा देने के लिए हमें एकजुट होकर कार्य करना चाहिए, ताकि समाज स्वस्थ और समृद्ध बन सके।