राज्यपाल ने की दौसा में टीबी, नशामुक्ति और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा

दौसा, 25 अगस्त। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में टीबी उन्मूलन, मादक पदार्थों की रोकथाम और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को टीबी मरीजों को समय पर पूरा उपचार उपलब्ध कराने, प्रभावी कार्रवाई के जरिए दौसा को नशामुक्त बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने टीबी मरीजों की संख्या, उनकी औसत आयु और उपचार की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रत्येक मरीज को निर्धारित उपचार समय पर मिले।
गंभीर रोगियों को आवश्यकता के अनुसार अस्पताल में भर्ती कर इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नशे की रोकथाम के लिए मादक पदार्थों के स्रोतों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा नशे के नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की उपलब्धता रोकने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सरकारी विभागों के कार्मिकों के स्तर पर भी नशामुक्ति के लिए जागरूकता गतिविधियां चलाने पर जोर दिया।
शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात और विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और पढ़ाई बीच में छोड़ने की स्थिति नहीं आए।
उन्होंने शिक्षकों से समर्पण भाव से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने नीट और जेईई में चयनित विद्यार्थियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।