देश

रक्षा मंत्री अपने जापानी समकक्ष के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 19 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रक्षा मंत्री अपने जापानी समकक्ष के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

अगस्त 19, नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 20 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

इस बैठक से द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करने, रणनीतिक विश्वास और सहयोग बढ़ाने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान किए जाने की आशा है।जापान द्वारा रक्षा उपकरण एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के तीन सिद्धांतों में संशोधन के बाद, दोनों मंत्री 'मेक-इन-इंडिया' प्रारूप के अंतर्गत गहन समुद्री सुरक्षा सहयोग और रक्षा उपकरण एवं प्रौद्योगिकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

यह बैठक द्विपक्षीय रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए एक कार्ययोजना तैयार करने का अवसर प्रदान करती है।भारत की अपनी पहली यात्रा पर आए शिंजीरो कोइज़ुमी ने 19 अगस्त, 2026 को मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान का दौरा किया, जहां उन्होंने नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और पश्चिमी नौसेना कमान के ध्वज अधिकारी कमान प्रमुख वाइस एडमिरल संजय वत्सयान के साथ चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल को भारतीय नौसेना की भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और परिचालन क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई।शिंजीरो कोइज़ुमी ने पश्चिमी नौसेना कमान में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इससे पहले, उन्होंने नौसेना गोदी में गौरव स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वदेशी जहाज आईएनएस चेन्नई का भी दौरा किया। सोर्स- PIB

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।