रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशाखापत्तनम स्थित हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में एफ.एस.एस.-1 का जलावतरण करेंगे
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज विशाखापत्तनम स्थित हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में फ्लीट सपोर्ट शिप (एफ.एस.एस.-1) का जलावतरण करेंगे और फ्लीट सपोर्ट शिप (एफ.एस.एस.-5) की आधारशिला रखेंगे। वे उन्नत स्लिपवे-4 और 300 टन क्षमता वाली गोलियथ क्रेन का भी उद्घाटन करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि लंबाई बढ़ाए जाने और भार वहन क्षमता में वृद्धि के बाद उन्नत स्लिपवे-4 और गोलियथ क्रेन की मदद से शिपयार्ड 45,000 डेडवेट टन तक के जहाजों का निर्माण और जलावतरण कर सकेगा। इससे बड़े और जटिल जहाजों के निर्माण की शिपयार्ड की क्षमता बढ़ेगी।
एफएसएस-1 भारतीय नौसेना के लिए बनाए जा रहे पांच फ्लीट सपोर्ट जहाजों में पहला है। स्टील कटिंग शुरू होने के केवल 18 महीने बाद इसे आज बंगाल की खाड़ी में उतारा जाएगा। 43,500 टन क्षमता वाले ये जहाज समुद्र में नौसेना के युद्धपोतों को ईंधन और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति करेंगे। इससे हिंद महासागर क्षेत्र में नौसेना की लंबे समय तक अभियान चलाने की क्षमता और पहुंच बढ़ेगी।