रक्षाबंधन के दिन हर 8 मिनट में मिलेगी नमो भारत:यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर लगेंगी 47 अतिरिक्त ट्रिप्स
रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए NCRTC ने नमो भारत ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। 27 और 28 अगस्त को दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन 47 अतिरिक्त ट्रिप्स संचालित की जाएंगी। इससे यात्रियों को दोनों दिन हर आठ मिनट में नमो भारत ट्रेन उपलब्ध होगी।
अतिरिक्त ट्रिप्स पूरे कॉरिडोर यानी सराय काले खां से मोदीपुरम स्टेशन के बीच चलाई जाएंगी। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं भाइयों को राखी बांधने के लिए यात्रा करती हैं। इसके अलावा परिवार और रिश्तेदारों से मिलने जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ जाती है।
ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों से यात्रियों को कम इंतजार करना पड़ेगा और सीट उपलब्धता भी बेहतर होगी। एनसीआरटीसी के अनुसार, त्योहार के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है। नमो भारत तेज और आरामदायक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराकर यात्रियों की परेशानी कम करेगी।
बच्चों, बुजुर्गों और अधिक सामान के साथ यात्रा करने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। 28 अगस्त को शुक्रवार होने के कारण रक्षाबंधन के साथ लंबा वीकेंड होने से भी यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। यात्रियों की मांग को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर नमो भारत की फ्रीक्वेंसी और बढ़ाई जा सकती है।
एनसीआरटीसी का कहना है कि नमो भारत दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच तेज, भरोसेमंद और पर्यावरण अनुकूल कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io