राजनीति

रक्षाबंधन पर जाम से निपटने को ट्रैफिक पुलिस तैयार:सड़कों पर उतरेगी ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त फौज, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी एक्टिव

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 28 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रक्षाबंधन पर जाम से निपटने को ट्रैफिक पुलिस तैयार:सड़कों पर उतरेगी ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त फौज, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी एक्टिव

मेरठ में रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों तक पहुंचने में जाम का सामना न करना पड़े, इसके लिए मेरठ ट्रैफिक पुलिस ने शहर की सड़कों पर पूरी ताकत झोंक दी है। त्योहार पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहर के 90 से अधिक संवेदनशील ड्यूटी प्वाइंट पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

सुबह आठ बजे से ट्रैफिक पुलिस की टीमें मोर्चा संभाल लेंगी। चारों ट्रैफिक इंस्पेक्टर भी अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, रक्षाबंधन पर बाजारों, प्रमुख चौराहों, मेट्रो स्टेशनों और संपर्क मार्गों पर सामान्य दिनों के मुकाबले कहीं अधिक वाहनों का दबाव रहता है।

ऐसे में जाम की आशंका वाले स्थानों को पहले ही चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। ट्रैफिक कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल और ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर के साथ अधिकारियों को भी मैदान में उतारा गया है।

माल रोड पर विशेष फोकस प्रभारी ट्रैफिक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में माल रोड शहर की लाइफ लाइन की भूमिका निभाती है। इसलिए माल रोड से जुड़े प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस लगाई गई है, ताकि यहां यातायात का दबाव बढ़ने पर तत्काल व्यवस्था संभाली जा सके।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह, लालसा पांडेय, विनय कुमार शाही और विजय कुमार सुबह से ही अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहेंगे।

इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस जीरो माइल, लालकुर्ती पैंठ चौकी चौराहा, साकेत, कमिश्नरी आवास चौराहा, जेलचुंगी, तेजगढ़ी चौराहा, नई सड़क तिराहा, गांधी आश्रम चौराहा और हापुड़ अड्डा पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

दिल्ली रोड पर बेगमपुल चौराहा, जलीकोठी चौराहा, रेलवे रोड चौराहा और बागपत अड्डा तिराहा भी निगरानी के दायरे में हैं। इसके अलावा सभी मेट्रो स्टेशनों के बाहर, परतापुर बाईपास और शहर के सभी प्रमुख अंडरपास पर भी ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी।

सीसीटीवी से कंट्रोल रूम तक निगरानी सिर्फ सड़कों पर तैनाती ही नहीं, पुलिस लाइन में कांवड़ यात्रा के दौरान बनाए गए एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से भी यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। यहां एक समय में दो महिला पुलिसकर्मी कैमरों के जरिए शहर की सड़कों की निगरानी करेंगी।

किसी स्थान पर जाम या यातायात अव्यवस्था दिखाई देने पर संबंधित थाना पुलिस अथवा ट्रैफिक पुलिसकर्मी को तत्काल सूचना दी जाएगी। कंट्रोल सेंटर में वायरलेस सेट की व्यवस्था भी है। इसके जरिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को तत्काल निर्देश देकर जाम खुलवाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई कराई जाएगी।

सुबह आठ बजे से मोर्चा संभालेंगे जवान प्रभारी ट्रैफिक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अतिरिक्त स्टाफ को सुबह आठ बजे से अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहार के दौरान भीड़ बढ़ने के साथ जरूरत के हिसाब से पुलिसकर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस का मकसद है कि रक्षाबंधन के दिन बाजार और प्रमुख मार्गों पर यातायात चलता रहे और बहनों को भाई के घर पहुंचने में जाम की परेशानी न झेलनी पड़े।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।