रक्तदान को जनसेवा का अभियान बनाने में जुटे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेशवासियों से e-RaktKosh app के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 16 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े दायित्वों में सक्रिय राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों से स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उनके आह्वान के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में रक्तदान को जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी की गई है।
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, सिकल सेल, थैलेसीमिया, एनीमिया, डायलिसिस और कैंसर से पीड़ित मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान केवल सामाजिक सहभागिता नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सहयोग है।
अभियान के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में रक्तदान शिविर, ब्लड ग्रुपिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा संगठनों, क्लबों तथा औद्योगिक और व्यावसायिक संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्तदान शिविरों की निगरानी भारत सरकार के e-RaktKosh पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। रक्तदाताओं का ABHA ID के माध्यम से पंजीयन किया जाएगा। चिकित्सकीय पात्रता के अनुसार 18 से 65 वर्ष की आयु के स्वस्थ व्यक्ति, जिनका वजन 45 किलोग्राम से अधिक है, स्वैच्छिक रक्तदान कर सकते हैं।
राजेंद्र शुक्ल ने विशेष रूप से युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और नियमित स्वैच्छिक रक्तदाता बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश का प्रत्येक स्वस्थ युवा नियमित रूप से रक्तदान करे तो जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
उन्होंने नागरिकों से e-RaktKosh App डाउनलोड करने की अपील करते हुए कहा कि इसके माध्यम से अपने आसपास आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों की जानकारी प्राप्त कर रक्तदान के लिए पंजीयन किया जा सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।