देश

रक्तदाता प्रेरक सम्मान समारोह में रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रक्तदाता प्रेरक सम्मान समारोह में रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

जयपुर में राष्ट्रीय रक्तदान दिवस पर रक्तदाता प्रेरक सम्मान समारोह आयोजित कर स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक ने 17 अक्टूबर तक जरूरतमंद मरीजों को बिना रिप्लेसमेंट रक्त उपलब्ध कराने की घोषणा की।

जयपुर, 1 अक्टूबर। राष्ट्रीय रक्तदान दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक एवं रक्तदान परिसंघ की ओर से रक्तदाता प्रेरक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली संस्थाओं और रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक ने 17 अक्टूबर 2026 तक जरूरतमंद मरीजों को बिना रिप्लेसमेंट रक्त उपलब्ध कराने की घोषणा की।

समारोह में स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक के चेयरमैन डॉ. एस.एस. अग्रवाल का स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने में योगदान के लिए नागरिक अभिनंदन किया गया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि रक्तदाताओं का सम्मान उनके योगदान के प्रति सामाजिक कृतज्ञता का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि पूरणमल फूलादेवी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा संचालित स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक की स्थापना वर्ष 1995 में हुई थी। शुरुआती दौर में राजस्थान के निजी क्षेत्र में रक्त की उपलब्धता सीमित थी और कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों की सर्जरी प्रभावित होती थी। ब्लड बैंक की स्थापना में 21 चिकित्सकों ने रक्तदान कर योगदान दिया था।

डॉ. अग्रवाल के अनुसार, स्थापना के बाद से ब्लड बैंक ने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किया है। अब तक जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में 12 लाख से अधिक यूनिट रक्त वितरित किए जाने तथा 5 हजार से अधिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से करीब 4 लाख यूनिट रक्त एकत्रित किए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि करीब 4.5 लाख लोग ब्लड बैंक में पहुंचकर रक्तदान कर चुके हैं।

उन्होंने रक्तदान शिविरों को स्कूल-कॉलेज, महिला महाविद्यालय, सामाजिक संस्थाओं, राष्ट्रीय पर्वों और विभिन्न विशेष अवसरों से जोड़ने तथा ‘स्वस्थ माताएं, स्वस्थ राष्ट्र’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। ब्लड बैंक की ओर से ऑनलाइन प्रमाण-पत्र, रक्त जांच रिपोर्ट और घर से रक्त संग्रहण के लिए वातानुकूलित रक्त संग्रहण वाहन जैसी सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।

महापौर सुनील कोठारी का नागरिक अभिनंदन

समारोह में जयपुर के नवनिर्वाचित महापौर सुनील कोठारी का भी नागरिक अभिनंदन किया गया। उन्होंने जयपुर को बेहतर बनाने के लिए शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के प्रयासों से जयपुर को और बेहतर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, गोपाल शर्मा, विधायक, के.एल. जैन, एस.एस. भंडारी, ओ.पी. अग्रवाल, डॉ. अनुराग अग्रवाल, ध्रुवदास अग्रवाल, गोपाल गुप्ता, जसवीर सिंह, डॉ. वीरेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह में रक्तदान करने और दूसरों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें विनीत फाउंडेशन, सोशल हेल्थ एवं वेलफेयर सोसाइटी, IIS डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी, गजेन्द्र सेवा समिति, हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, रोटरी क्लब जयपुर मिडटाउन, बियानी गर्ल्स कॉलेज, शशि खंडेलवाल मेमोरियल ट्रस्ट और इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की जयपुर ब्रांच सहित विभिन्न संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।