राजनीति

रामजी महाजन की 27वीं पुण्यतिथि पर 76 समाजसेवी सम्मानित

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 14 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रामजी महाजन की 27वीं पुण्यतिथि पर 76 समाजसेवी सम्मानित

प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह में सामाजिक योगदान के लिए समाजसेवियों का सम्मान

भोपाल, स्वर्गीय रामजी महाजन जी की 27वीं पुण्यतिथि के अवसर पर संयुक्त माली-सैनी-मरार समाज, मध्य प्रदेश द्वारा शनिवार को अरेरा कॉलोनी स्थित महात्मा फुले भवन, भोपाल में प्रदेश स्तरीय पिछड़ा वर्ग सम्मान दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर कलेक्टर (सेवानिवृत्त) जी.पी. माली ने की।

समारोह में मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, भोपाल महापौर मालती राय, दक्षिण-पश्चिम भोपाल विधायक भगवानदास सबनानी, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा सहित जगदीश सैनी, प्रेमलता सैनी, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महासचिव राजेंद्र अंबाडकर एवं कोषाध्यक्ष घनश्याम राहुल ने किया।

समारोह में सामाजिक सेवा, संगठन, शिक्षा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 76 समाजसेवियों को रामजी महाजन पिछड़ा वर्ग सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें भवानी शंकर ‘मोनू’ सैनी, प्रदेश अध्यक्ष, महात्मा ज्योतिबा सावित्रीबाई फुले संघर्ष समिति सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे समाजसेवी शामिल रहे।

सम्मान प्राप्त करने के बाद भवानी शंकर ‘मोनू’ सैनी ने स्वर्गीय रामजी महाजन जी के सामाजिक योगदान और पिछड़ा वर्ग समाज के लिए उनके संघर्ष को याद करते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए एकजुटता, मजबूत संगठन और आपसी समन्वय जरूरी है।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश की धरती पर माली-सैनी समाज का महाकुंभ एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन संस्कारधानी जबलपुर में दिसंबर माह में आयोजित होने जा रहा है। यह मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा माली-सैनी समाज महाकुंभ होगा, जिसमें देश के 14 प्रदेशों से समाज के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल होंगे।

सैनी ने कहा कि जबलपुर का यह आयोजन समाज की एकता, संगठन और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता की तथा स्वर्गीय रामजी महाजन जी के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समाज को संगठित, शिक्षित एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।