रामपुर में 17 सितंबर को दो लाख दीप जलेंगे:प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने बैठक कर रक्तदान और सहायता कार्यक्रम के निर्देश दिए
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →रामपुर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक बैठक हुई। यह बैठक विकास भवन सभागार में दोपहर करीब तीन बजे से शाम चार बजे तक चली। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री और जिले के प्रभारी धर्मपाल सिंह ने इसकी अध्यक्षता की। इसमें अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने अभियान की पूरी कार्ययोजना बताई। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दिया' कार्यक्रम होगा। इसके तहत जिले में दो लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रभारी मंत्री ने हर परिवार से दीप जलाकर अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने सभी सरकारी भवनों पर भी दीप जलाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को मुख्यालय पर रक्तदान शिविर लगेंगे। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण बांटे जाएंगे और विश्वकर्मा योजना के तहत टूलकिट भी दिए जाएंगे। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को स्कूलों में 'मेरे सपनों का भारत' थीम पर पोस्टर, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराने को कहा।
उन्होंने यह भी कहा कि 'नमो सेवा' थीम के तहत लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुलझाया जाए। जो लोग सरकारी योजनाओं के पात्र हैं, उन्हें उनका लाभ दिलाने के लिए भी कदम उठाए जाएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिले की सभी गौशालाओं में साफ-सफाई अभियान चलाने और वहां दीप जलाने के निर्देश मिले। पुलिस अधीक्षक को अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों में सुरक्षा के पूरे इंतजाम करने को कहा गया।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ के प्रेरणा स्थल से देशवासियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मिलकर इस सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने की अपील की। बैठक में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना, मिलक विधायक राजबाला सिंह, स्वार विधायक शफीक अहमद अंसारी, जिला पंचायत प्रशासक ख्याली राम लोधी, जिला प्रभारी राजा वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार मौजूद रहे।
इनके अलावा कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल थे।
📡 स्रोत: NewsData.io