राज्य

रानी तालाब परिसर के विकास को मिलेगी नई गति, राजेन्द्र शुक्ल ने कहा- राम-जानकी मंदिर को बनाएंगे सुंदर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रानी तालाब परिसर के विकास को मिलेगी नई गति, राजेन्द्र शुक्ल ने कहा- राम-जानकी मंदिर को बनाएंगे सुंदर

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और उप मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रीवा, 18 सितंबर। बाबूपुर चोरहटा स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल का सम्मान किया गया। मानस पीठाधीश्वर खजुरीताल स्वामी रामललाचार्य ने दोनों अतिथियों को सम्मानित कर आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्राचीन राम-जानकी मंदिर और तालाब पूर्वजों की जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर को विकसित कर सुंदर स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के रीवा सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के विकास के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका लाभ रानी तालाब परिसर को भी मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि राम-जानकी मंदिर परिसर का विकास कार्य तेजी से कराया जाएगा। रीवा में जिस तरह विभिन्न तालाबों का सौंदर्यीकरण किया गया है, उसी तरह चोरहटा स्थित रानी तालाब को भी विकसित और सुंदर बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रीवा तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसका लाभ आसपास के ग्रामों को भी मिलेगा। राम-जानकी मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर और परिसर को बेहतर स्वरूप देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयासों से मंदिर परिसर का शीघ्र विकास होगा और इसे नया स्वरूप मिलेगा।

समारोह में स्वामी रामललाचार्य ने अतिथियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि पहले इस स्थान पर विकास के लिए बहुत कम जगह उपलब्ध थी। उप मुख्यमंत्री के प्रयासों से यहां रामकथा और यज्ञ के आयोजन के बाद क्षेत्र का स्वरूप बदला है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का विकास रीवा के विकास से भी जुड़ा है।

स्वामी रामललाचार्य ने बताया कि रानी तालाब का निर्माण करीब 300 वर्ष पहले महारानी कुंदन कुमारी द्वारा कराया गया था। मंदिर परिसर में वन विभाग की ओर से 150 पौधे रोपे गए हैं और परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी चल रहा है।

कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, गौरव तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।