राशन वितरण में अनियमितता पर कलेक्टर सख्त, बड़ोखरा में खुद निगरानी में कराया राशन वितरण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शिवपुरी। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने को लेकर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। राशन वितरण से जुड़ी शिकायतों पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बदरवास के बड़ोखरा में राशन वितरण को लेकर शिकायत मिलने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचे और अपनी मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को राशन का वितरण कराया।
उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राशन की उपलब्धता और वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए तथा लंबित खाद्यान्न का जल्द वितरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने देहरदा सड़क की पीडीएस दुकान का भी निरीक्षण किया और राशन वितरण व्यवस्था की स्थिति देखी। सभी राशन दुकानों के निरीक्षण के निर्देश
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों की राशन दुकानों का नियमित एवं अनिवार्य निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान स्टॉक, वितरण व्यवस्था और हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की निगरानी करने को कहा गया है।
कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ राशन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने राशन कार्डधारियों से अपील की कि राशन लेते समय निर्धारित मात्रा में तौल अवश्य कराएं और राशन प्राप्त होने के बाद ही पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाएं। किसी भी तरह की अनियमितता या परेशानी होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।