राशेल-लिंगर सड़क निर्माण में हो रहे ब्लास्टिंग से सहमे ग्रामीण, घरों में दरारें आने का किया दावा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →अगस्त 01, लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): लाहौल-स्पीति के राशेल-लिंगर सड़क निर्माण कार्य के दौरान की जा रही ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को लिखित शिकायत भेजकर निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे विस्फोटकों और उससे होने वाले नुकसान की जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार, बीते दिन दोपहर करीब 2:20 मिनट पर पहाड़ काटने के लिए ब्लास्टिंग की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि धमाके के बाद गांव के कुछ घरों की दीवारों में दरारें दिखाई दीं, जबकि एक मकान के बाथरूम की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने कहा कि लाहौल-स्पीति भौगोलिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है, ऐसे में सड़क निर्माण के दौरान ब्लास्टिंग में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।
शिकायत में सड़क से नीचे गिराए जा रहे मलबे और बड़े पेड़ों की जड़ों को संभावित नुकसान पर भी चिंता जताई गई है। ग्रामीण ने विभाग से मौके का निरीक्षण करने, घरों को हुए नुकसान का आकलन करने और ब्लास्टिंग की प्रक्रिया की जांच करने की मांग की है।
उनका कहना है कि विकास जरूरी है, लेकिन विकास कार्य स्थानीय लोगों की सुरक्षा और पर्यावरण की कीमत पर नहीं होना चाहिए।