देश

राष्ट्रपति मुर्मु देश भर के 82 शिक्षकों को शिक्षक पुरस्कार से करेंगी सम्मानित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राष्ट्रपति मुर्मु देश भर के 82 शिक्षकों को शिक्षक पुरस्कार से करेंगी सम्मानित

सितंबर 05, नई दिल्ली: देशभर में आज शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है। पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।

इस मौके पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में देशभर से चुने गए 82 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।

इन पुरस्कारों का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के उल्लेखनीय योगदान और उनकी प्रतिबद्धता को सम्मानित करना है।इस साल सम्मानित होने वाले 82 शिक्षकों में 48 स्कूली शिक्षक, उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक के 21 शिक्षक तथा कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय से जुड़े 13 शिक्षक शामिल हैं। 48 चयनित स्कूली शिक्षक 27 राज्यों, 7 केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 6 संगठनों से जुड़े हैं।

इनमें 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक हैं।स्कूली शिक्षकों का चयन जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद किया गया है।

इसके अलावा केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों के 12, राज्य विश्वविद्यालयों के 5 और पॉलिटेक्निक संस्थानों के 4 शिक्षकों को भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है।राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के तहत शिक्षकों को प्रमाणपत्र, 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और रजत पदक प्रदान किया जाता है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कारों की शुरुआत वर्ष 1958 में हुई थी। वर्ष 2023 से पहले यह पुरस्कार केवल स्कूली शिक्षकों को दिया जाता था, लेकिन इसके बाद उच्च शिक्षा और पॉलिटेक्निक क्षेत्र के शिक्षकों को भी इसमें शामिल किया गया।FILE PHOTO

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।