खेल

राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप: बिहार का क्वार्टरफाइनल में प्रवेश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप: बिहार का क्वार्टरफाइनल में प्रवेश

पटना में बिहार ने 52वीं राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में हिमाचल को 49-39 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।

04 नवंबर , पटना (पटना , बिहार) : राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में मेजबान बिहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को खेले गए प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में बिहार ने हिमाचल प्रदेश को 49-39 अंकों से पराजित किया। इस जीत के साथ ही बिहार की टीम ने खिताब की ओर अपना कदम बढ़ा दिया है। प्रतियोगिता में साई, विदर्भ, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ की टीमों ने भी क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिहार राज्य कबड्डी संघ और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त मेजबानी में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मुकाबले के दौरान पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ बिहार के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

हिमाचल के खिलाफ शुरू से बिहार का दबदबा

बिहार और हिमाचल प्रदेश के बीच खेले गए प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मेजबान टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। कोच रमेश कुमार यादव के मार्गदर्शन में मैदान पर उतरी बिहार की टीम ने रेड और डिफेंस दोनों विभागों में बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया। मैच के शुरुआती तीन-चार मिनट में ही बिहार ने हिमाचल प्रदेश को ऑलआउट कर 11-2 की बढ़त हासिल कर ली।

बिहार के खिलाड़ियों ने लगातार अंक जुटाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ की समाप्ति से कुछ मिनट पहले बिहार ने हिमाचल प्रदेश को दूसरी बार ऑलआउट किया और अपनी बढ़त 24-10 कर ली। पहले हाफ का खेल समाप्त होने तक बिहार 28-13 से आगे था।

दूसरे हाफ में भी बिहार का दबदबा कायम रहा। टीम ने हिमाचल प्रदेश को एक बार फिर ऑलआउट कर स्कोर 37-21 तक पहुंचा दिया। हालांकि, हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश करते हुए अंकों के अंतर को कम करने का प्रयास किया, लेकिन बिहार के खिलाड़ियों ने संयम और बेहतर रणनीति के दम पर मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। अंततः बिहार ने 49-39 से जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

बिहार की ओर से रेडर आदर्श, दीपक और रितेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण अंक जुटाए। वहीं, डिफेंस में संदीप, रवि और शुभम ने प्रभावी टैकल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। हिमाचल प्रदेश की ओर से युवराज ने रेडर के रूप में अच्छा खेल दिखाया।

रवींद्रन शंकरण ने खिलाड़ियों से किया परिचय प्राप्त

बिहार और हिमाचल प्रदेश के बीच मुकाबले से पहले बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने मुकाबले का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। घरेलू मैदान पर खेल रही बिहार की टीम को दर्शकों के साथ खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी से भी प्रोत्साहन मिला।

अन्य मुकाबलों में साई, राजस्थान, विदर्भ और हरियाणा की जीत

प्रतियोगिता के अन्य प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में साई की टीम ने दिल्ली को 60-25 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। राजस्थान ने उत्तर प्रदेश को 46-34 से पराजित किया, जबकि विदर्भ ने कर्नाटक को 43-36 से शिकस्त दी। हरियाणा ने आंध्र प्रदेश को 56-32 से हराकर अगले दौर में अपनी जगह सुनिश्चित की।

वहीं, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 37-37 अंकों की बराबरी पर रहीं। इसके बाद टाईब्रेकर में चंडीगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को 7-2 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले के पहले हाफ में मध्य प्रदेश की टीम 22-20 से आगे थी। दूसरे हाफ में चंडीगढ़ ने वापसी करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। दोनों टीमों के बीच आखिरी समय तक कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

29 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर की कुल 29 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के लीग चरण में आठ पूल बनाए गए थे, जिनमें प्रत्येक पूल की शीर्ष दो टीमों ने प्री-क्वार्टरफाइनल यानी अंतिम 16 में जगह बनाई।

पूल ए से साई और महाराष्ट्र, पूल बी से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, पूल सी से बिहार और हरियाणा, पूल डी से उत्तराखंड और विदर्भ, पूल ई से कर्नाटक और छत्तीसगढ़, पूल एफ से हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश, पूल जी से चंडीगढ़ और राजस्थान तथा पूल एच से तमिलनाडु और दिल्ली ने अंतिम 16 में प्रवेश किया।

लीग मुकाबलों में भी टीमों का दमदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता के लीग चरण में भी कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिल्ली ने पश्चिम बंगाल को 83-41 से, साई ने महाराष्ट्र को 44-27 से और उत्तर प्रदेश ने मध्य प्रदेश को 56-25 से हराया। हरियाणा ने बिहार को 57-44 से पराजित किया, जबकि उत्तराखंड ने गोवा को करीबी मुकाबले में 36-35 से शिकस्त दी। विदर्भ ने केरल (सी) को 66-32 और कर्नाटक ने छत्तीसगढ़ को 48-45 से हराया। हिमाचल प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को 46-35 से तथा तमिलनाडु ने पंजाब को 46-29 से पराजित किया।

मंगलवार को खेले गए अन्य लीग मुकाबलों में महाराष्ट्र ने गुजरात को 59-33, मध्य प्रदेश ने जम्मू-कश्मीर को 59-31, उत्तराखंड ने तेलंगाना को 38-31, आंध्र प्रदेश ने त्रिपुरा को 47-9, राजस्थान ने केरल को 54-9 और पंजाब ने पश्चिम बंगाल को 60-29 से हराया।

प्रतियोगिता में मेजबान बिहार की जीत ने स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह पैदा किया है। अब बिहार की टीम से क्वार्टरफाइनल में भी इसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।