खेल

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिता आयोजित

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिता आयोजित केएमबी खुर्शीद अहमद अमेठी, 29 अगस्त। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में अंडर-14 बालक वर्ग हॉकी तथा जूनियर बालक-बालिका वर्ग भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अमेठी फूलचंद कश्यप, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं अंतरराष्ट्रीय निर्णायक दीपक कुमार हलदर तथा उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

हॉकी अंडर-14 बालक वर्ग में विभिन्न विद्यालयों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। फाइनल मैच में स्टेडियम ट्रेनिंग ने माइंड पब्लिक स्कूल को 3-2 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

इससे पूर्व सेमीफाइनल मुकाबलों में माइंड पब्लिक स्कूल एवं स्टेडियम ट्रेनिंग ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर फाइनल में स्थान बनाया था। वहीं जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

बालिका वर्ग में 49 किलोग्राम भार वर्ग में ऋतु सिंह, 69 किलोग्राम में पूनम यादव तथा 69 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में तविष्का कलेनिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार बालक वर्ग में 45 किलोग्राम भार वर्ग में अयान खान, 56 किलोग्राम में पवन कुमार तथा 56 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में शुभम भट्ट ने प्रथम स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन खिलाड़ी कोमल खान एवं राष्ट्रीय पदक विजेता भारोत्तोलन खिलाड़ी प्रियंका ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों की उपस्थिति रही।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।