राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष मॉनिटर ने दंतेवाड़ा में आदिवासी अधिकारों और योजनाओं की स्थिति का लिया जायजा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दंतेवाड़ा। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली के विशेष मॉनिटर (जनजातीय कल्याण) आर. हेमंत कुमार ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान 30 अक्टूबर को दंतेवाड़ा जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बारसूर में ग्रामीणों से चर्चा कर आदिवासी अधिकारों और जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली।
अपने प्रवास के दौरान हेमंत कुमार ने गीदम विकासखंड स्थित जावंगा एजुकेशन सिटी का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं, पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शाम को स्थानीय रेस्ट हाउस में उन्होंने नांदेड़ जिले के विभिन्न समाज प्रमुखों से मुलाकात की और उनसे चर्चा की।
इस दौरे का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की स्थिति को समझना रहा।