खेल

राष्ट्रीय वाक्-स्पर्धा में अदिति दिनेश ने हासिल किया प्रथम स्थान, भोपाल का बढ़ाया गौरव

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 14 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
राष्ट्रीय वाक्-स्पर्धा में अदिति दिनेश ने हासिल किया प्रथम स्थान, भोपाल का बढ़ाया गौरव

श्री नारायण गुरु की शिक्षाओं पर प्रभावी वक्तव्य के लिए मिला 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र

भोपाल। अदिति दिनेश ने दिल्ली स्थित यूनिवर्सल कॉन्फेडरेशन ऑफ श्री नारायण गुरु ऑर्गेनाइजेशन (SNGC) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की वाक्-स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर भोपाल का गौरव बढ़ाया है।

प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा रविवार, 13 सितंबर 2026 को आयोजित 172वीं श्री नारायण गुरुदेव जयंती के ऑनलाइन समारोह में की गई। कार्यक्रम में ब्रह्मश्री डॉ. सच्चिदानंद स्वामीजी, अध्यक्ष श्री नारायण धर्म संघम ट्रस्ट, शिवगिरी सहित विभिन्न अतिथियों और विद्वानों की मौजूदगी रही। मुख्य अतिथि के रूप में केरल सरकार की मंत्री बिंदु कृष्णा तथा सम्मानित अतिथि डॉ. बी. सुगीता और विशेष अतिथि डॉ. ए.वी. अनूप उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में 20 से 45 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अंग्रेजी, हिंदी या मलयालम भाषा में अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया था। अदिति ने देशभर से शामिल प्रतिभागियों के बीच अपने प्रभावी वक्तव्य, विचारों की स्पष्टता और विषय पर मजबूत पकड़ के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का विषय श्री नारायण गुरु की उस दृष्टि पर केंद्रित था, जो युवाओं को नैतिक मूल्यों और अनुशासन पर आधारित पीढ़ी के निर्माण के लिए मार्गदर्शन करती है। अदिति ने अपने भाषण में श्री नारायण गुरु की शिक्षाओं की वर्तमान समय में प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए युवाओं के चरित्र निर्माण और अनुशासन में उनकी भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अदिति दिनेश को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और उत्कृष्टता के सम्मान में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।