रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शुभारंभ, छह टीमें लेंगी हिस्सा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश की पहली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का गुरुवार को रायपुर में रंगारंग समारोह के बीच शुभारंभ हुआ। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री डॉ. रक्षा निखिल खड़से ने लीग के शुभारंभ की विधिवत घोषणा की। इस अवसर पर पंजाबी कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री डॉ. रक्षा निखिल खड़से ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेलो इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से देश में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया के विस्तार और खेल महासंघों को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की है। छत्तीसगढ़ में हॉकी लीग की शुरुआत एक अच्छी पहल है और राज्य सरकार को इस दिशा में केंद्र का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस लीग के माध्यम से 30 से 40 प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे, जो भविष्य में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश में हॉकी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग के माध्यम से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।